अभिषेक के बाद भक्तों ने छप्पन भोग लगाया कृष्ण जन्माष्टमी पर राधाकृष्ण मंदिर में भगवान का शृंगार…
दुर्ग. महेश कॉलोनी दुर्ग के श्रीराधाकृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया गया। यहां गुरुवार की सुबह 6 बजे से प्रभात फेरी राधेकृष्ण का जयकारा लगाते हुए निकाली गई।
इसके बाद सुबह 7 बजे से भगवान की मंगला आरती हुई। 8.30 बजे से सैकड़ों भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण व राधाजी का महाभिषेक किया। मंदिर समिति के चतुर्भुज राठी ने बताया कि सुबह 9.30 बजे मंदिर में ध्वज का आरोहण किया गया।
इसके बाद सुबह 11.15 बजे प्रभु को छप्पन भोग लगाया गया। इस दौरान भक्तों के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में भक्त शामिल हुए। यह महाप्रसादी रात तक चलती रही।
शहर में तेज बारिश के बीच भी वृंदावन बिहारी लाल की भक्ति में पूरा शहर डूबा रहा। शाम 5 बजे से मंदिर परिसर में राधाकृष्ण के भक्त युवक-युवतियों ने रास गरबा की प्रस्तुति दी। रात 8.30 बजे से वृंदावन के सुप्रसिद्ध भजन गायक जतिन अग्रवाल और धीरज बावरा के भजनों की प्रस्तुति हुई।
जिसमें उपस्थित भक्त भगवान के भजनों पर झूमते रहे। आखिर में रात 12 बजे भगवान का जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर महाआरती भी की गई। जिसके बाद पंजरी, माखन मिश्री को प्रसाद बांटा गया।
रामायण पाठ के साथ सुंदरकांड का पाठ हुआ
राधाकृष्ण मंदिर परिसर में ही बीते 1 सितंबर से चल रहे नवधा रामायण पारायण पाठ के सातवें दिन हजारों की संख्या में भक्त उपस्थित हुए। सभी ने पहले मंदिर में भगवान राधाकृष्ण का दर्शन और पूजा की।
इसके बाद रामायण पाठ के लिए आसनों पर बैठे। गुरुवार को रामायणजी के अरण्यकांड का पाठ किया गया। इस बीच जोधपुर के पं. गोपाल आसोपा और पं. सुशील आसोपा श्रद्धालुओं को सुंदरकांड का सामूहिक पाठ भी कराया।
वहीं विष्णु महायज्ञ आचार्य पं. पवन द्विवेदी के सानिध्य में हो रहा है, जिसमें गुरुवार को ताम्रध्वज साहू राजेंद्र साहू चंद्रिका चंद्राकर अवम सैकड़ाें भक्तों ने फेरी लगाई।